गौरीनाथ
के उपन्यास ‘दाग’ को पढ़ने के बाद मेरी यह धारणा
और मज़बूत हुई है कि अंतःप्रज्ञा साहित्य का सबसे महत्वपूर्ण घटक है। इसके बिना
साहित्य-सृजन संभव नहीं है। अंतःप्रज्ञा का अभाव, साहित्य को एक ऐसे तालाब में तब्दील कर देता है, जिसमें पानी तो है लेकिन मछली
अर्थात जीवन नहीं है। और अगर हम जीवन को मछली मान लेते हैं तो पानी को उस समाज के
रूप में चिन्हित करना होगा, जिसमें
मनुष्य जन्म से मृत्यु तक रहता है। अर्थात साहित्य न सिर्फ समाज और मानव-जीवन के
जटिल अंतर्संबंधों से प्रभावित होता है, बल्कि
वह सार्थक हस्तक्षेप भी करता है। हस्तक्षेप की त्वरा कितनी है? या कि वह समाज पर कितना प्रभाव
छोड़ती है? यह
साहित्यकार की अंतःप्रज्ञा पर निर्भर करता है। जबकि अंतःप्रज्ञा की आधार-भूमि
संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदन है। बकौल मुक्तिबोध ‘जिस प्रकार हम संवेदनात्मक
ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदन द्वारा बचपन से ही बाह्य जीवन जगत को आत्मसात कर उसे
मनोवैज्ञानिक रूप देते आते हैं, उसी
तरह हम इस आत्मसात्कृत अर्थात मन द्वारा संशोधित, सम्पादित, संस्कारित, गठित-पुनर्गठित, जीवन-जगत को बाह्य रूप भी देते
हैं।’ स्पष्ट
है कि हम अपने संवेदनात्मक ज्ञान और ज्ञानात्मक संवेदन की मदद से जीवन, समाज, संस्कार, धर्म और अन्यायन्य चीजों को
देखते-समझते और आत्मसात करते चलते हैं और उसे संशोधन-सम्पादन के बाद अभिव्यक्ति भी
देते हैं। बाहरी जीवन-जगत का आभ्यन्तरीकरण और आभ्यन्तरीकृत का बाह्यीकरण एक सनातन
मानव प्रक्रिया है। कला आत्मजगत के बाह्यीकरण का ही एक मार्ग है, जिसको अंतःप्रज्ञा से आलोक
मिलता है। ‘दाग’ का सर्जक इस कसौटी पर बिल्कुल
खरा उतरता है। वरना कोई कारण नहीं कि सामाजिक-सांस्कृतिक धरातल पर असंभव सी लगने
वाली यह कथा पाठक को सहज ही पूर्णतः विश्वसनीय प्रतीत होने लगती है। यह
विश्वसनीयता यदि संभव हुई है तो निश्चय ही इसका सीधा संबंध लेखक के ज्ञानात्मक
संवेदन, संवेदनात्मक
ज्ञान और उसकी अंतःप्रज्ञा का ही कमाल है।
रविवार, 4 जनवरी 2015
शुक्रवार, 2 जनवरी 2015
क्रांति ऐसे नहीं आती
(भगत सिंह को याद करते हुए)
क्रांति कोई चूँ-चूँ
का मुरब्बा नहीं
क्रांति डालडा
का खाली डब्बा नहीं
क्रांति अद्धा, पौव्वा या सिक्का भी नहीं
क्रांति उद्घोष
या नारों का नाम नहीं
झंडे को मीनार
पर टाँगने का नाम नहीं
क्रांति कोई मादक
गंध भी नहीं है कि
फूल से झड़ते
शब्दों पर कोई हो जाए क़ुर्बान!
रविवार, 28 दिसंबर 2014
यही है हमारा लोकतंत्र (राष्ट्रपिता को समर्पित, क्योंकि उम्मीदें कभी मरती नहीं।)
उनका सोचना था
कि देश हिन्दुओं का था
कुछ लोग मुसलमानों
को जगा रहे थे
उनका सोचना था
कि देश मुसलमानों का था
कुछ लोग राजे-रजवाड़ों
का जगा रहे थे
उनका सोचना था
कि देश राजाओं का था
कुछ लोग दलितों-वंचितों
को जगा रहे थे
उनका सोचना था
कि देश दलितों-वंचितों का था
सभी टुकड़ों में
जनता को जगा रहे थे
और जनता थी कि
सोई पड़ी थी
कोई कुनमुनाता
तो कोई बड़बड़ाता
मंगलवार, 25 नवंबर 2014
दिन की गवाही दर्ज़ नहीं होती
दिन तो दिन ही होते हैं
वही सात जो लौट-लौट आते हैं
कभी कोई दिन मनहूस नहीं होता
कैलेंडर पर दर्ज़ तारीख़ें
बदलती हैं
उन्हें तीन सौ पैंसठ दिन पूरे
करने होते हैं
दिन तो वही सात जो लौट-लौट आते
हैं
तारीखों से इसीलिए होड़ नहीं
लेते दिन
इसलिए तारीख़ों से अक्सर मेल
नहीं खाते दिन
तवारीख़ में तारीखें दर्ज़
होती हैं
इसलिए लोगों को रहती हैं याद
सभी को याद है अम्बेडकर का
निर्वाण
सभी को याद है बाबरी मस्जिद का
ध्वंस
सभी को याद रहेगा मंडेला का
देहावसान
लेकिन क्या सभी को याद हैं या
रहेंगे वो दिन
किस वार को हुआ था अंबेडकर का
परिनिर्वाण?
शुक्रवार, 21 नवंबर 2014
दुखी मत होना मेरे भाई
दुखी मत हो! मेरे वर्दी वाले
भाई!
क्या हुआ जो तेरी बंदूक से
निकली गोलीदुखी मत हो! मेरे बंदूक वाले भाई!
क्या हुआ जो तेरे नेज़े की धार
ने फाड़ दिए
हफ्तों से अन्नहीन-रसहीन मेरे
खाली पेट!
दुखी मत हो! मेरे टोपी वाले
भाई!
तुमने व्यवस्था बनाए रखने की
शपथ ली
और मेरा नंगा सिर खंडित हो गया
तो क्या!
दुखी मत हो! मेरे प्यारे भाई!
तुमने सचमुच कुछ नहीं किया है
मेरे साथ
बंदूक तुम्हारी नहीं थी, वर्दी तुम्हारी नहीं थी
नेज़े की धार या लाल फुदने
वाली टोपी भी तो
तुम्हारी नहीं थी... जब हाथ ही
तुम्हारे नहीं थे
सोमवार, 29 सितंबर 2014
नयी कहानीः लघुता में विराट का प्रक्षेपण और अमरकांत
हिन्दी
कहानी उपदेश की हवेली से आदर्शवाद की डोली पर सवार होकर यथार्थ के धरातल पर उतरी।
रूसी क्रांति के प्रभावस्वरूप प्रगतिशील चेतना ने उपदेश और आदर्श की महत्ता को
थोड़ा कम किया। लेकिन यथार्थ का दबाव कुछ ज़्यादा ही बढ़ गया। उपदेश-भाव की साँसें
तो बहुत पहले ही उखड़ गई थीं, लेकिन आदर्श और यथार्थ के बीच रस्साकशी आज तक चली
आती है। सच तो ये है कि दोनों ही अपने एकल-वास्तविक रूप में जन-मानस का प्रतिबिम्ब
नहीं बन सके। प्रगतिवाद निरे-यथार्थवाद का पोषक था। आदर्शवाद के बारे में कुछ कहने
की आवश्यकता ही नहीं है। न तो यथार्थ की उपेक्षा की जा सकती थी और न ही आदर्शों की
वायवीयता से समाज और साहित्य का भला हो सकता था। 20वीं सदी का चौथा-पाँचवां दशक न
केवल राजनीतिक, बल्कि सामाजिक और वैचारिकता के स्तर पर भी उथल-पुथल से भरा था। स्वतंत्रता
के लिए जब तक संघर्ष चलता रहा, तब तक आज़ादी का स्वप्न और सबकुछ के सुंदरतम हो जाने की उम्मीद बची रही। लेकिन
आज़ादी के बाद अचानक मोहभंग ने सुंदर-स्वप्नों के हवा-महल को धराशायी कर दिया। फणिश्वरनाथ
रेणु, अज्ञेय, जैनेन्द्र, यशपाल, धूमिल, मुक्तिबोध आदि, सभी मोहभंग के शिकार हुए। वैसे
मोहभंग की कथा तो बाद में शुरू होती है, उससे पहले ही मार्क्सवाद और गाँधीवाद के
ज़ेरे-असर, प्रेमचंद एक नयी लीक बना चुके थे, जिसका नाम था- आदर्शोन्मुख
यथार्थवाद। लेकिन जीवन के अंतिम वर्षों में उन्होंने आदर्शोन्मुख यथार्थवाद से भी
अपना दामन छुड़ा लिया था। उनकी कहानी ‘सांकेतिकता’ का अवलम्ब ग्रहण कर रही थी। ‘कफ़न’ इसका सबसे बेहतर उदाहरण है।
हालांकि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद अमेरिका और यूरोप की साहित्यिक-धारा में
उत्पन्न विक्षोभ की परानुभूति ने भी हिन्दी की साहित्य-धारा को कम परेशान नहीं
किया। भाषा हिन्दी ही थी। पात्रों के नाम भी हिन्दुस्तानी थे। लेकिन अनुभूतियाँ,
कथा-विन्यास और घटनाक्रम पाठकों के स्वानुभूत सामाजिक-सत्य से कोसों दूर। साहित्य
की यह अजनबीयत बेचैन करने वाली थी। इसी बेचैनी से ‘नयी कहानी’
और ‘नयी
कविता’ की
धारा फूटी। ‘नयी
कहानी’ ने
जहाँ अपनी सहजता के कारण लोकप्रियता का नया मापदंड गढ़ा, वहीं ‘नयी कविता’ ‘ब्रह्मराक्षस’ बन गई।
शनिवार, 28 जून 2014
धम्म-विजय
चाय की केतली से उठती भाप से उसे ज्ञान की प्राप्ति
हुई। ज्ञान प्राप्ति के बाद उसने सेवा प्रारंभ की। सेवा से शक्ति मिली और वह मसीहा
बना। पौराणिक परंपरा का अनुपालन करते हुए उसने भी स्त्री को विष की बेल स्वीकार
किया। पत्नी का त्याग करने के बाद उसने आधुनिकता का परिचय देते हुए ब्रेकअप पार्टी
की। उपस्थित अनुयायियों के अनुरोध पर सोमरस का पान किया। सोमरस के प्रभाव में ही
उसने विधर्मियों के समूल नाश का आह्वान किया। अनुयायियों ने भक्तिभाव से उसका
अनुपालन किया। जब मसीहा की चेतना लौटी तो उसे ज्ञात हुआ कि देवों में उसके इस कृत्य
से आक्रोश है और सभी निंदा में व्यस्त हैं। मसीहा रुष्ट हुआ और अनुयायियों की सभा
बुलाई-
मसीहा- आप सभी मेरे कृतित्व और व्यक्तित्व से परिचित
हैं। आप ही बताएँ कि मैंने कुछ अनुचित किया?
अनुयायी- नहीं... कदापि नहीं। आपने तो वही किया जो अब
से पहले देवतागण किया करते थे।
मसीहा- तो फिर देवताओं के आक्रोश और विरोध का कारण
क्या है?
अनुयायी- केवल कुंठा..। वस्तुतः यह देवों का
कार्य-क्षेत्र था, आपका कृत्य उसका अतिक्रमण है।
मसीहा- लेकिन मैंने तो धर्म-रक्षा का ही आह्वान किया
था, इसमें ऐसा अप्रिय क्या था?
अनुयायी- अगर मसीहा भी देवों का कार्य करने लगे तो
देवों का मूल्य कहां रह पाएगा?
मसीहा-(कुछ क्षण चिंतामग्न रहने के पश्चात)... तो अब
समस्या का समाधान क्या है?
अनुयायी- नरमेध के बाद अश्वमेध की परंपरा रही है... आप
अविलंब अश्वमेध यज्ञ की युक्ति करें।
मसीहा- उचित है... सर्वथा उचित। लेकिन यदि देवताओं ने
पुनः आपत्ति की तो...
अनुयायी- यह भी परंपरागत ही होगा... आप चिंता न करें।
देवों का दोहरा चरित्र अब गोपन नहीं रहा।
मसीहा- तो आज इस धर्म-सभा में मैं आपका मसीहा स्वयं को
अहिंसक घोषित करता हूँ।
अनुयायी-(समवेत्) साधो-साधो... जय हो, जय
हो... धम्म-विजय, धम्म-विजय..
मगध की जनता कालाशोक वाले युग से बहुत पहले ही मुक्त
हो चुकी थी। चंडाशोक का दृश्य भी अधिक समय तक नहीं टिक सका। प्रियदर्शी को अब सभी
जानते हैं। अभी से प्रस्तर मूर्तियों के निर्माण की योजनाएँ बनने लगी हैं। मसीहा
ने अंगवस्त्रों का रंग परिवर्तित कर लिया है। पिपली वृक्ष के नीचे शांति है। पत्ते
पीले पड़ गए हैं। देवताओं के विरोध का स्वर भी मंद पड़ने लगा है। नये अवतार को
मान्यता मिलनी प्रारंभ हो गई है। मगध को अब शीघ्र ही पवित्र होना होगा। नगरवधू को
आइटम सौंग के लिए आमंत्रित किया गया है। मंच सज्जा और प्रकाश व्यवस्था में अनुयायी
जुटे हैं। मसीहा मृगचर्म पर ध्यान-योग में निमग्न हो गया है।
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ (Atom)
Featured Post
'साक्षी है इतिहास' तथा अन्य चार कविताएँ
1. साक्षी है इतिहास ( मार्टिन नीमोलर को समर्पित) जानता हूँ आप जहमत नहीं उठाएँगे अपनी सलीब पर टँगे रहने का लुत्फ बेग़...
-
लोकतंत्र है। अर्थतंत्र है। भेंड़तंत्र है। भीड़तंत्र है। लूटतंत्र है। सर्वत्र फैला ढोंगतंत्र है। यंत्रवाद है। बौद्धिक साम्राज्यवाद है। सिय...
-
उमस और ऊब का माहौल मन को कोंचते... ख़्वाहिस को बढ़ाते... बिल्कुल प्यास की तरह । जबकि नल की ट...
-
बाढ़ का पानी अब उतार पर था। जलमग्न धरती कहीं-कहीं अपना कूबड़ दिखाने लगी थी। छोटी-छोटी मछलियों की छलमलाहट बढ़ गई थी। वही जल-धारा, जो कल...




